
बड़ागांव। वाराणसी की स्थानीय न्याय पंचायत ताड़ी अंतर्गत ग्राम फत्तेपुर स्थित राम प्रताप खेल मैदान में सकल हिन्दू समाज मंडल–ताड़ी के तत्वावधान में विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रवक्ता विजय बहादुर सिंह ने की।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ काशी जिला के संघ चालक शशिभूषण जी ने कहा कि भारत अपनी जीवन-मूल्य और संस्कृति के कारण सनातन काल से हिन्दू राष्ट्र रहा है। भारतीय संस्कृति “सर्वे भवन्तु सुखिनः” के सिद्धांत पर आधारित है, जो सम्पूर्ण विश्व के कल्याण का संदेश देती है।
मुख्य अतिथि जूना अखाड़े के संत स्वामी यतेन्द्रानन्द जी महाराज ने कहा— गर्व से कहो, हम हिन्दू हैं। पूर्व प्रधान सुरेन्द्र राम ने भारत माता को सभी की माता बताया। मातृशक्ति जयन्ती देवी ने परिवार, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण और समरस समाज निर्माण पर बल दिया।
सम्मेलन में प्रत्येक ग्राम पंचायत व बस्तियों से हजारों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आनन्द प्रकाश सिंह ने किया।
