
वाराणसी/मीरजापुर। स्वामी श्रद्धानंद के शताब्दी बलिदान स्मृति के सेवा माह के तहत ठंड के प्रकोप को देखते हुए सार्वदेशिक आर्य वीर दल, परिमंडल एवं आर्य समाज के संयुक्त तत्वावधान में वन की इमलिया ग्राम में छः संकल्पों के साथ वैदिक यज्ञ का आयोजन कर समापन किया गया। असहाय एवं आदिवासी परिवारों को गर्म व ऊनी वस्त्र, कंबल आदि का वितरण किया गया।कार्यक्रम में करौंदी निवासी देवेंद्र कुमार गुप्ता ने अपने पिता मोहनलाल गुप्ता की पुण्य स्मृति में 48 परिवारों को कंबल प्रदान किया । आशीष ने अपने श्वसुर की स्मृति में तथा चैतन्य योग संस्थान ने सुरेंद्र केशरी की पुण्य स्मृति में विशेष रूप से 30 अति निर्धन परिवारों को 150 किलो अनाज एवं सरसों का तेल वितरण हेतु उपलब्ध कराया। इस अवसर पर सार्वदेशिक आर्य वीर दल के संचालक दिनेश आर्य ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले वाराणसी महानगर के सभी प्रबुद्धजनों के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
