वाराणसी। अत्यधिक ठंड, घने कोहरे एवं शीतलहर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद में संचालित प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के समस्त विद्यालयों को तीन दिनों के लिए बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी कार्यालय ज्ञापन के अनुसार जनपद वाराणसी में सभी राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड सहित अन्य बोर्ड के विद्यालयों में 7, 8 एवं 9 जनवरी को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। हालांकि, आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि विभागीय एवं अन्य आवश्यक कार्यों के लिए विद्यालयों में अध्यापक एवं अन्य कर्मचारी पूर्व की भांति उपस्थित रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने संबंधित सभी विद्यालय प्रबंधनों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
