वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज स्थित प्राचीन छात्र एसोसिएशन द्वारा विभिन्न इकाइयों में कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने तथा खेल और एनसीसी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 48 छात्र-छात्राओं को विशेष छात्रवृत्ति और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। समारोह में विद्यार्थियों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल रहा।

मुख्य अतिथि प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. विवेक राज सिंह ने कहा कि उदय प्रताप कॉलेज एक तपस्वी द्वारा स्थापित संस्था है, जिसके छात्र देशभर में कॉलेज का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए छात्रवृत्ति जैसी पहल अत्यंत महत्वपूर्ण है।

संस्था के अध्यक्ष एवं साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह ने कहा कि 1909 में स्थापित उदय प्रताप कॉलेज शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित संस्थान रहा है। संस्थापक राजर्षि ने ऐसी शिक्षा की परिकल्पना की थी, जिससे छात्र मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ बन सकें। उन्होंने बताया कि प्राचीन छात्र एसोसिएशन कॉलेज के विकास और समाज सेवा से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय रहता है।

विशिष्ट अतिथि रानी मुरार कुमारी बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. अनीता सिंह ने स्वयं को इस कॉलेज की प्राचीन छात्रा बताते हुए कहा कि उन्हें जीवन में आत्मबल और निरंतर कार्य करने की प्रेरणा यहीं से मिली। उन्होंने एसोसिएशन के प्रयासों को सराहनीय बताया।

इस अवसर पर अभिभावकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन के प्रति आभार जताया। धन्यवाद ज्ञापन संस्था के उपाध्यक्ष आनंद विजय सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ. के.के. सिंह, डॉ. विनय कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे। समारोह का संचालन उप सचिव भानु प्रताप सिंह ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *