
वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत MY Bharat Varanasi द्वारा गृह मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से 17वाँ जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत देश के विभिन्न जनपदों से लगभग 200 जनजातीय युवा काशी पहुंच रहे हैं, जहां उन्हें सांस्कृतिक, शैक्षिक एवं सामाजिक अनुभवों के माध्यम से मुख्यधारा से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम का आयोजन 12 फरवरी गुरुवार को दोपहर 12 बजे लोहता स्थित शगुन गेस्ट हाउस में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य जनजातीय युवाओं को देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकास योजनाओं और शैक्षणिक अवसरों से परिचित कराना तथा उनमें राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में झारखंड के पश्चिम सिंहभूम, महाराष्ट्र के गड़चिड़ौली, छत्तीसगढ़ के बीजापुर, नारायणपुर और कांकेर, ओडिशा के कालाहांडी एवं कंधमाल तथा मध्यप्रदेश के बालाघाट जनपदों के प्रतिभागी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान युवाओं को काशी की सांस्कृतिक धरोहर, ऐतिहासिक स्थलों एवं विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही संवाद सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और अनुभव साझा करने जैसे आयोजन भी होंगे, जिससे विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच आपसी समझ और भाईचारा बढ़े। आयोजकों के अनुसार, जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को देश की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनके व्यक्तित्व विकास और भविष्य निर्माण में सहयोग प्रदान करना है।
