
वाराणसी। इंटर काशी द्वारा आयोजित इंटर स्कूल फुटबॉल लीग 2025-26 का भव्य समापन क्रिम्सन वर्ल्ड स्कूल, खुशीपुर के खेल मैदान पर हुआ। विभिन्न आयु वर्गों में खेले गए मुकाबलों में शहर के प्रमुख स्कूलों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंडर-18 वर्ग के फाइनल मुकाबले में डालिम्स सनबीम चौबेपुर ने डीपीएस पब्लिक स्कूल को 5-0 से हराकर चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। टीम के वेदांत ने पहले हाफ में दो गोल कर बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 65वें मिनट पर वेदांत ने तीसरा गोल दागा। इसके बाद 70वें मिनट में अभिज्ञान और 72वें मिनट में अभिनव नेगी ने गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
दिसंबर से प्रारंभ हुई इस लीग में कई स्कूलों की टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-14 वर्ग में सनबीम सनसिटी विजेता और क्रिम्सन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। इस वर्ग में आठ टीमों ने भाग लिया। वहीं अंडर-16 वर्ग में बसंत पब्लिक स्कूल चैंपियन और डीपीएस पब्लिक स्कूल उपविजेता बना, जिसमें सात टीमें शामिल रहीं।
समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीमों तथा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। विशिष्ट सम्मान के तहत प्रदीप बिश्नोई, अंजना देवा (प्रधानाचार्या), डॉ. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह, लक्ष्मण अवार्डी मुश्ताक अली, अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर भैरव दत्त, सत्येंद्र बहादुर सिंह और शम्सी रजा को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन अमनदीप ने, स्वागत दिनेश नेगी ने और धन्यवाद ज्ञापन मुश्ताक अली ने किया। रेफरी व सहयोगी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
