जनजातीय युवा कार्यक्रम का पांचवां दिन 

 

वाराणसी। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में वाराणसी में आयोजित सात दिवसीय जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का पांचवां दिन उत्साह, ऊर्जा और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में युवा संसद का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री तथा खेलकूद मंत्री सहित विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों की भूमिका निभाते हुए अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों को प्रस्तुत किया।

वहीं नेता प्रतिपक्ष एवं विपक्ष की भूमिका निभा रहे प्रतिभागियों ने भ्रष्टाचार और समसामयिक मुद्दों पर तीखे प्रश्न पूछे तथा अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखे।

इस सत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

द्वितीय सत्र प्रेरणादायक व्याख्यान पर केंद्रित रहा। इस अवसर पर उदय प्रताप कॉलेज की प्रोफेसर रंजना श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने युवाओं के त्याग, बलिदान और संघर्ष की गाथाओं का उल्लेख करते हुए वर्तमान पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। उनके उद्बोधन को प्रतिभागियों ने सराहा और सुझावों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

तृतीय सत्र में सांस्कृतिक प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में मदन मोहन देव, बालमुकुन्द त्रिपाठी और कुसुम मिश्रा शामिल रहे।

कार्यक्रम में सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर कपिल देव राम, जिला युवा अधिकारी वाराणसी यतेन्द्र सिंह, जिला युवा अधिकारी भदोही रामगोपाल चौहान, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विकास चौरसिया, भूतपूर्व स्वयंसेवक नन्दकिशोर, पूर्व स्वयंसेवक राकेश यादव, प्रदीप, नवनीत तथा गुरु सहित अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित और प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *