वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में वाराणसी में सेन्ट्रल बार, बनारस बार, राजस्व बार एसोसिएशनों और एडीएम, एसडीएम, मुख्य राजस्व अधिकारी, चकबंदी अधिकारी आदि प्रमुख राजस्व/प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ। जिसमें वकील-प्रशासन के बीच सामंजस्य, न्यायिक कार्यों को सुचारू बनाने से संबंधित मुद्दों को सुलझाने आदि के संबंध में विचार विमर्श हुआ।

जिलाधिकारी ने बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों से शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। यहाँ पर पदाधिकारियों द्वारा चकबंदी के दौरान हुई त्रुटियों, राजस्व ग्राम की हस्तलिखित खतौनी को कंप्यूटर की तरह काउंटर बनवाने, लेखपालों का तहसील में आने का दिन और समय निर्धारित हो व इसके लिए एक रजिस्टर भी बनाया जाए, बैनामा हस्तांतरण रिपोर्ट कानूनगों ऑफिस से लेखपाल को मिलने पर वापस कानूनगों ऑफिस मिलने का समय निश्चित करने, चकबंदी तहसील स्तर पर मुकदमे की सुनवाई होने पर आदेश के लिए सुरक्षित रखी पत्रावलियों को शीघ्रता से निस्तारण करने, कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल पर कंटीला तार लगावाने, कचहरी परिसर में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र को ठीक कराने और आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जिलाधिकारी का ध्यान आकर्षित कराया गया। जिलाधिकारी ने तहसील और चकबंदी के सभी जिम्मेदार अधिकारियों को मामलों की जाँच कर निस्तारण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी उनके द्वारा उठाये गए विषयों पर ठोस कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर सभी एडीएम,तहसीलों के एसडीएम और चकबंदी के अधिकारी तथा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *