वाराणसी। शहीद दिवस के अवसर पर सोमवार को चौबेपुर ब्लॉक के चोलापुर क्षेत्र में विशेष विचार संगोष्ठी, पदयात्रा और श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन “मेरा युवा भारत, वाराणसी” (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) तथा अमरावती वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।

जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने बताया कि शहीद दिवस देश के अमर बलिदानियों को स्मरण करने का दिन है। 23 मार्च 1931 को शहीद राजगुरु, सुखदेव और भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। उनका बलिदान आज भी युवाओं को देशभक्ति, साहस और समर्पण की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत थर्ड ऑय क्लासेज, चौबेपुर चौराहा से गौरा रोड स्थित हनुमान मंदिर तक लगभग दो किलोमीटर लंबी पदयात्रा (रैली) निकाली गई।

यह रैली चौबेपुर के प्रमुख बाजार मार्गों से होकर गुजरी, जिसमें छात्र-छात्राओं, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के अदम्य साहस के बारे में बताया गया। वक्ताओं ने कहा कि शहीदों के आदर्शों को अपनाकर ही देश को मजबूत बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम का एक विशेष हिस्सा श्रमदान भी रहा, जिसमें युवाओं और नागरिकों ने सामूहिक रूप से स्कूल परिसर और आसपास के क्षेत्र की सफाई व सजावट की।

इस पहल का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजगरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक त्रिभुवन राम तथा विशिष्ट अतिथि हरहुआ के ब्लॉक प्रमुख विनोद उपाध्याय और चोलापुर सेक्टर-2 के जिला पंचायत सदस्य अंजनी नंदन पांडेय रहे।

अतिथियों ने युवाओं को शहीदों के आदर्शों पर चलने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

जिला युवा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *