अन्य राज्यों के छात्रों को भी मिल रहा प्रशिक्षण का मौका

भुवनेश्वर। वर्ल्ड स्किल सेंटर में युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उन्नत कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

वर्ष 2021 में स्थापित यह संस्थान उड़ीसा सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य युवाओं को आधुनिक तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर रोजगार के लिए तैयार करना है।

संस्थान में वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों के छात्र प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। यहां तकनीकी और सेवा क्षेत्र से जुड़े कई उन्नत पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

संस्थान के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के उपनिदेशक सुभाशीष दत्ता ने बताया कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप मेकाट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल टेक्नोलॉजी, मैकेनिकल एवं इलेक्ट्रिकल सर्विसेज, प्रिसिजन इंजीनियरिंग तथा एयर कंडीशनिंग एवं रेफ्रिजरेशन जैसे पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही हॉस्पिटैलिटी और अन्य सेवा क्षेत्रों से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम भी उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि इन पाठ्यक्रमों को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि छात्रों को आधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योग जैसी परिस्थितियों में व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सके। प्रशिक्षण के दौरान तकनीकी दक्षता के साथ-साथ संचार कौशल, डिजिटल साक्षरता और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है ताकि छात्र उद्योगों की मांग के अनुरूप तैयार हो सकें।

उपनिदेशक के अनुसार, इस संस्थान में अन्य राज्यों के छात्रों को भी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे यह एक राष्ट्रीय स्तर का कौशल प्रशिक्षण केंद्र बनकर उभर रहा है।

यहां के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है और कई वैश्विक संस्थानों के सहयोग से पाठ्यक्रम को उद्योग-उन्मुख बनाया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कौशल विकास केंद्र युवाओं को रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लिए भी यह मॉडल कौशल विकास के क्षेत्र में प्रेरणादायक माना जा रहा है।

*विश्व स्किल सेंटर की प्रमुख विशेषताएं*

अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं और प्रशिक्षण सुविधाएं।

उद्योगों की मांग के अनुरूप पाठ्यक्रम।

व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष जोर।

राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों का सहयोग।

छात्रों के लिए बेहतर रोजगार के अवसर।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *