
वाराणसी। सेना के पूर्व अधिकारी मेजर एस आर सिंह के 50 कविताओं के संग्रह “हाफ सेंचुरी—आप इनर साइड” का लोकार्पण बनारस क्लब के सभागार में आयोजित समारोह में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रख्यात लेखिका अमरजीत नाग्याल ने कहा कि संवेदना की गहनतम अनुभूतियों की अभिव्यक्ति कविता के माध्यम से होती है। उन्होंने कहा कि मेजर एस आर सिंह की कविताएं पाठकों को सहज रूप से प्रभावित करती हैं और जीवन के विविध पक्षों को स्पर्श करती हैं। साहित्यकार डॉ. राम सुधार सिंह ने कहा कि एक सैनिक के लिए राष्ट्र सर्वोपरि होता है। कविता व्यक्ति को संस्कारवान बनाती है और उसे श्रेष्ठ मूल्यों से जोड़ती है। उन्होंने कहा कि इस काव्य संग्रह की भाषा अंग्रेजी होने के बावजूद इसकी अभिव्यक्ति सरल और सहज है, जिससे पाठक आसानी से जुड़ पाते हैं। समारोह में प्रकाश उदय, ब्रिगेडियर राजीव नाग्याल, ब्रिगेडियर जयदीप चंदा, कोमोडोर अनुज गुप्ता, कर्नल राघवेंद्र सिंह, कर्नल प्रेम सिंह नाग, कर्नल प्रदीप बेहरा, कर्नल सुनील चतुर्वेदी, कर्नल चंदन ठाकुर, ग्रुप कैप्टन कुशवाहा, विंग कमांडर सुंदर और विंग कमांडर जोशी सहित कई सैन्य अधिकारी, शिक्षाविद और साहित्यकार उपस्थित रहे तथा अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत में मेजर एस आर सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पुस्तक की रचना प्रक्रिया और उसके विषयों पर प्रकाश डाला। समारोह का संचालन डॉ. निर्मल जोशी ने किया। कार्यक्रम में काफी संख्या में सैन्य अधिकारी, शिक्षाविद और साहित्यप्रेमी मौजूद रहे।
