वाराणसी।बरसात के मौसम में शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम नालों की सफाई तेज कर दी गई है। वहीं इसकी निगरानी स्वयं महापौर अशोक कुमार तिवारी कर रहे हैं। इस क्रम शुक्रवार को महापौर ने नदेसर और वरुणापार जोन के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्हों ने नदेसर वार्ड स्थित धोबी घाट के रास्ते को तत्काल पक्का वहां से अवैध कब्जा हटाने और सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि नालों पर किए गए किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सफाई कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।

निरीक्षण के दौरान महापौर सबसे पहले नदेसर वार्ड स्थित धोबी घाट नाले पर पहुंचे। यहां उन्होंने नाले की स्थिति देखने के बाद अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि नालों के प्रवाह में बाधक बन रहे किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को तुरंत हटाया जाए।

इसी मार्ग पर सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण एक सामुदायिक भवन लंबे समय से बंद पड़ा था, जिसे लेकर महापौर ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को तत्काल सीवर लाइन दुरुस्त कर भवन को जनहित में चालू करने को कहा। सफाई व्यवस्था को समयबद्ध करने के लिए महापौर ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अंतिम तिथि भी निर्धारित की है। उन्होंने रनिया महाल के नाले की सफाई 10 मई तक, तेलियाबाग सहकारी बैंक से चौकाघाट जाने वाले नाले की सफाई 15 मई तक और मरी माता मंदिर से कैंट रोड वाले नाले की सफाई हर हाल में 25 मई तक पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

इस दौरान पार्षद सुशील गुप्ता योगी, मदन मोहन दुबे, सिद्धनाथ शर्मा, संदीप रघुवंशी, दिनेश यादव, अमित मौर्या सहित अपर नगर आयुक्त सविता यादव और जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *