
वाराणसी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, मड़िहान की छात्राओं के लिए शुक्रवार का दिन नई उम्मीदों से भरा रहा। एक्स नवोदयन फाउंडेशन, वाराणसी और टाटा एआईजी जनरल इन्श्यूरेंस कंपनी लिमिटेड सीएसआर डिपार्टमेंट के सहयोग से शुक्रवार को कक्षा 11 और 12 की कुल 80 छात्राओं को आईआईटी बीएचयू और मेडिकल कॉलेज बीएचयू का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस भ्रमण ने छात्राओं को अपने भविष्य के लक्ष्यों को समझने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
विशेषज्ञों से मिला मार्गदर्शन
भ्रमण के दौरान छात्राओं ने इन प्रतिष्ठित संस्थानों के शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक सुविधाओं और अध्ययन पद्धति को नजदीक से देखा और समझा। इस मौके पर आईएमएस बीएचयू के गैस्ट्रो डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रफेसर डॉ. अनुराग तिवारी और आईआईटी बीएचयू के सिविल डिपार्टमेंट के प्रफेसर एस मंडल ने उन्हें आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी जानकारी भी दी। इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं के अंदर उच्च शिक्षा के प्रति जागरूकता, प्रेरणा, आत्मविश्वास और आत्मबल का विकास करना है, ताकि वे अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से आगे बढ़ सकें। गौरतलब है कि प्रदेश की प्रतिभावान छात्राओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं जैसे JEE और NEET की निःशुल्क तैयारी करवाने के लिए मिर्जापुर के सर्वोदय विद्यालय मड़िहान को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया गया है। यह पहल डॉ. अरुण कुमार तिवारी, ट्रस्टी एक्स नवोदयन फाउंडेशन, वाराणसी और टाटा एआईजी जनरल इन्श्योरेंस कंपनी लिमिटेड सीएसआर डिपार्टमेंट के सहयोग से संचालित की जा रही है।
