वाराणसी। शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शिवपुर में मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए नई पहल शुरू की गई है। अधीक्षक डॉ. संतोष यादव के निर्देश पर अब आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पंजीकृत सभी प्रसूताओं को प्रसव के बाद निःशुल्क एब्डोमिनल बाइंडर (बेल्ट) उपलब्ध कराया जाएगा।

अस्पताल प्रशासन के अनुसार इस सुविधा का उद्देश्य प्रसव के बाद महिलाओं के स्वास्थ्य में शीघ्र सुधार लाना, पेट की मांसपेशियों को सहारा देना और दर्द में राहत प्रदान करना है। यह विशेष रूप से सिजेरियन (ऑपरेशन) से प्रसव कराने वाली महिलाओं के लिए काफी लाभकारी माना जाता है।

अधीक्षक डॉ. संतोष यादव ने बताया कि यह कदम प्रसवोत्तर देखभाल को मजबूत करने और माताओं को सुरक्षित व सशक्त बनाने की दिशा में उठाया गया है। इस पहल से अस्पताल में आने वाली प्रसूताओं और उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। स्वास्थ्य केन्द्र का यह प्रयास अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *