
वाराणसी। माटीकला से जुड़े कामगारों और शिल्पकारों के लिए एक बड़ी पहल करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने निःशुल्क विद्युत चालित चाक (इलेक्ट्रॉनिक चाक) वितरण एवं 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण योजना के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी यू.पी. सिंह ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से प्लास्टिक उत्पादों पर प्रतिबंध के बाद मिट्टी से बने उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में माटीकला से जुड़े शिल्पकारों को सशक्त बनाने के लिए यह योजना चलाई जा रही है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद वाराणसी को 50 निःशुल्क इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरण का लक्ष्य मिला है, वहीं 15 दिवसीय शिल्पकारी प्रशिक्षण के लिए 20 अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। योजना के तहत 18 से 55 वर्ष आयु वर्ग के इच्छुक शिल्पकार आवेदन कर सकते हैं।
इच्छुक अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की वेबसाइट www.upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन के बाद सभी आवश्यक दस्तावेजों की हार्ड कॉपी 30 मई तक जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, टकटकपुर में जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेजों में पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति एवं ग्राम प्रधान से प्रमाणित संस्तुति पत्र शामिल हैं।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ एक परिवार के केवल एक सदस्य को ही मिलेगा और जो लाभार्थी पहले किसी विभाग या संस्था से इसी प्रकार का लाभ प्राप्त कर चुके हैं, वे इसके लिए पात्र नहीं होंगे। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9580503155 पर संपर्क कर सकते हैं।
