परिवार को एकजुट रखने की कुंजी है रामचरितमानस

नौ दिवसीय रामकथा का समापन, बुधवार को भण्डारा

   

वाराणसी। अखिल भारतीय सनातन न्यास, जैतपुरा वाराणसी द्वारा आयोजित राम कथा के विश्राम दिवस पर पातालपुरी पीठाधीश्वर पूज्य संत बालक दास पूज्य संत जगतगुरु बालक देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि लंकेश के पास सारे संसाधन जरूर थे, पर अपने परिवार की एकजुटता एवं कुटुंब में आपसी ताल न होने के कारण तथा धर्म से विमुख उसके परिवार की जो भी दुर्गति हुई, उसे आप सभी जानते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रभु राम ने विषम परिस्थितियों में कभी भी सत्य का मार्ग नहीं छोड़ा और अंत में सत्य की ही जीत हुई।

राम राज्याभिषेक के अवसर पर चारों भइयन, मां जानकी तथा अंजनी नंदन की भव्य झांकी पूरे पंडाल में इस प्रकार थी कि जैसे अयोध्या में प्रभु विराजमान हुए हों। चारों तरफ हर्षोल्लास का वातावरण था तथा खुशी से पंडाल में मौजूद महिलाएं, पुरुष, बच्चे बड़े ही भाव से नृत्य कर रहे थे तथा जय अयोध्या लाल की, चारों भय्यन की जय, जय श्री राम एवं हर हर महादेव के नारे से पूरे क्षेत्र का माहौल राममय हो उठा।

इस अवसर पर काशी के प्रमुख वक्ता पंडित वेद प्रकाश मिश्र ने कहा कि यदि आप अपने घर में सदैव एक जुटता बनाए रखना चाहते हैं, तो प्रतिदिन रामायण अवश्य पढ़ें इससे ही आपके पूरे परिवार का कल्याण होगा।

नौवें संगीतमय रामकथा के नौवें एवं समापन दिवस के अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अपने कार्यों से अपनी पहचान बनाने वाली विभूतियों, पत्रकार मित्रों, व्यवसायियों का अंग वस्त्रम एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सनातन न्यास के अध्यक्ष डॉ अजय जायसवाल ने बताया कि बुधवार 10 जून की शाम मां बागेश्वरी देवी के इसी प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है।

अंत में व्यास पीठ की आरती किशोर सेठ, रविशंकर सिंह, विष्णु गुप्ता, जयशंकर गुप्त, प्रमोद यादव मुन्ना, डॉक्टर अजय जायसवाल, रवि प्रकाश जी, वतन कुशवाहा, विनीत कुमार, ज्योति प्रजापति, डॉक्टर पुष्पा जायसवाल, डॉक्टर अलका जायसवाल, ममता गुप्ता, रुबी गुप्ता आदि ने किया।

समस्त कार्यक्रम का संचालन प्रधान सचिव राजेश सेठ ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *