
वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी, शिवपुर रामलीला समिति के पूर्व मंत्री एवं स्थानीय व्यापार मंडल के संस्थापक मंत्री श्रवण सिंह का शुक्रवार दोपहर हृदय गति रुकने से निधन हो गया। वह लगभग 75 वर्ष के थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
श्रवण सिंह सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे। उन्होंने शिवपुर रामलीला समिति में 27 वर्षों तक मंत्री पद का दायित्व निभाया तथा स्थानीय व्यापार मंडल के संस्थापक मंत्री के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया। नागरिक सुरक्षा संगठन में भी उन्होंने लगभग 40 वर्षों तक विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वह पत्रकारिता से भी जुड़े रहे।
परिजनों के अनुसार अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सारंग तालाब स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। इसके बाद उनका पार्थिव शरीर शिवपुर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया।
उनके निधन पर सामाजिक, व्यापारिक, राजनीतिक एवं धार्मिक संगठनों से जुड़े लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार शनिवार प्रातः पड़ाव स्थित अघोरेश्वर भगवान राम घाट पर किया जाएगा।












Leave a Reply