पीएनजी आपूर्ति जारी, स्वच्छ ऊर्जा को मिला बढ़ावा

हर माह 30 एलपीजी सिलेंडरों की खपत से मिलेगी राहत

 

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के तहत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। रथयात्रा क्षेत्र स्थित सार्क इन होटल में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक शुरू कर दी गई है। इससे होटल को अब निर्बाध, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा उपलब्ध हो सकेगी।

गेल की ओर से बताया गया कि इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन कंपनी की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व उप महाप्रबंधक (डीजीएम-प्रोजेक्ट्स) नवाज़िश अली अंसारी कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का संचालन महाप्रबंधक सुशील कुमार के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

रथयात्रा स्थित सार्क इन होटल पहले अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग करता था। पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद अब होटल को लगातार गैस आपूर्ति उपलब्ध होगी, जिससे संचालन अधिक सुचारु और प्रभावी बनेगा। साथ ही एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी समस्याओं से भी मुक्ति मिलेगी।

पीएनजी न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके उपयोग से कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है तथा ऊर्जा आपूर्ति अधिक विश्वसनीय बनती है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वाराणसी में वाणिज्यिक, संस्थागत और घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। कंपनी का लक्ष्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा पहुंचाकर पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा सुरक्षा को बढ़ावा देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *