
वाराणसी। अर्दली बाजार स्थित एलटी कॉलेज मैदान में आयोजित नफीस अहमद कैनवास बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को रोमांचक माहौल में खेला गया। खिताबी मुकाबले में शिवपुर-11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाबा स्पोर्टिंग क्लब को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। फाइनल मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बाबा स्पोर्टिंग क्लब की टीम शिवपुर-11 के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई। सटीक गेंदबाजी और कसी हुई फील्डिंग के चलते पूरी टीम आठ ओवर में मात्र 40 रन पर ऑल आउट हो गई। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवपुर-11 की टीम ने आत्मविश्वास से भरी बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों से पहले ही लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
शिवपुर-11 की जीत में अहम योगदान देने वाले शिवमनी ‘गोलू’ को फाइनल का मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि बाबा स्पोर्टिंग क्लब के अजीत को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। पुरस्कार वितरण समारोह में रणजी खिलाड़ी नासिर अली, धर्मेंद्र मिश्रा, संदीप श्रीवास्तव तथा पार्षद विनय शादेजा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। आयोजक नफीस अहमद (पटेल) ने सभी अतिथियों,क्ष खिलाड़ियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। संयोजन में फ़ैज़, राघवेन्द्र सिंह ने किया। इस मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी मो. हेसामुद्दीन, अवलम्ब, टोनी ने निभाई, स्कोरिंग डंपी ने की। कमेंट्री की जिम्मेदारी दानिश और फैज ने निभाई।












Leave a Reply