सिकरी चंद मंदिर में श्रीमद रामकथा हुआ समापन, भक्तों ने लिया प्रसाद

आजमगढ़। नगर के पुरानी सब्जी मंडी स्थित सिकरी चंद मंदिर में पिछले 15 दिनों से चल रही संगीतमय श्रीमद रामकथा का सोमवार को भव्य समापन हो गया। कथा की पूर्णाहुति के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष हवन-पूजन, महाआरती और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ कमाया।

पूर्णाहुति के दौरान भक्तों ने हवन कुंड में आहुतियां डालकर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सुप्रसिद्ध कथावाचक आचार्य सर्वानंद शुक्ल (आनन्द महाराज) ने अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, अधिकमास के अंतिम 15 दिनों में इस विशेष रामकथा का आयोजन इसलिए किया गया ताकि श्रद्धालु फुर्सत और विस्तार पूर्वक भगवान श्रीराम के दिव्य चरित्रों का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य बना सकें।

आचार्य ने कहा कि इस कथा का मूल उद्देश्य समाज को सही दिशा दिखाना है। आज के समय में युवा पीढ़ी और माताओं-बहनों को भगवान श्रीराम और माता जानकी के सद्चरित्र, उनके आदर्शों और संस्कारों को अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने की सख्त जरूरत है। भगवान के बताए सन्मार्ग पर चलकर ही समाज का कल्याण संभव है और इसी से मानव जीवन कृतार्थ हो सकता है।

उक्त अवसर पर लता अग्रवाल, मंजू अग्रवाल ममता अग्रवाल, अमिता अग्रवाल, प्रेम किशोरी अग्रवाल, ममता अग्रवाल, लाजो अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, बबीता अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, मुदिता अग्रवाल, सरस्वती देवी, राजीव शंकर मिश्रा सहित स्थानीय श्रद्धालु शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *