गर्ल्स हॉस्टल कैंटीन में शुरू हुई PNG आपूर्ति, स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के तहत स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

कंपनी ने एमपीएमएमसीसी गर्ल्स हॉस्टल कैंटीन में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलता पूर्वक शुरू कर दी है। इस पहल को संस्थागत प्रतिष्ठानों को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गेल की प्रोजेक्ट्स टीम ने इस कार्य को सफलतापूर्वक पूरा किया। परियोजना का नेतृत्व उप महाप्रबंधक (डीजीएम-प्रोजेक्ट्स) नवाज़िश अली अंसारी द्वारा किया जा रहा है, जबकि वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन महाप्रबंधक (जीएम) सुशील कुमार के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी आपूर्ति शुरू होने से संस्थान को आधुनिक और सुरक्षित ऊर्जा व्यवस्था का लाभ मिलेगा।

एमपीएमएमसीसी गर्ल्स हॉस्टल कैंटीन पहले अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 80 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर थी। अब पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद कैंटीन को चौबीसों घंटे निरंतर, सुरक्षित और निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध होगी। इससे भोजन तैयार करने की प्रक्रिया अधिक सुचारु, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही पहले उपयोग किए जाने वाले एलपीजी सिलेंडरों को अन्य उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध कराया जा सकेगा।

विशेषज्ञों के अनुसार पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी समस्याएं समाप्त हो जाती हैं। इसके साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार होता है, क्योंकि गैस सीधे पाइपलाइन के माध्यम से उपलब्ध होती है। पर्यावरणीय दृष्टि से भी पीएनजी एक बेहतर विकल्प माना जाता है, क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलता है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड संस्थागत, व्यावसायिक और घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कंपनी का लक्ष्य अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा पहुंचाना है। इसके लिए वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में गैस पाइपलाइन नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

एमपीएमएमसीसी गर्ल्स हॉस्टल कैंटीन में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत वाराणसी को स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। कंपनी ने आम नागरिकों से भी पीएनजी कनेक्शन अपनाकर सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *