
वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए आज बुधवार को जेएचवी मॉल स्थित “डोमिनोज़ पिज़्ज़ा” में पाइप्ड नैचुरल गैस की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। गेल इंडिया ने बताया कि,इस आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के मार्गदर्शन में सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। श्री अंसारी ने बताया कि,”डोमिनोज़ पिज़्ज़ा” जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों को सेवाएं प्रदान करता है, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रति माह लगभग 30 से 35 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। आपूर्ति प्रारंभ होने के बाद अब प्रतिष्ठान को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे उसकी संचालन क्षमता अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष और विश्वसनीय बन गई है। इसके अतिरिक्त, पूर्व में उपयोग में लाए जा रहे इन एलपीजी सिलेंडरों को अब अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि,गेल (इंडिया) वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। शिवपुर एवं आसपास के क्षेत्रों सहित वाराणसी के विभिन्न हिस्सों में इस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण–अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराया जा सके। जेएचवी मॉल स्थित “डोमिनोज़ पिज़्ज़ा” में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत, वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो गेल की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से दर्शाती है। अंत में उन्होंने वाराणसी के सभी उपभोक्ताओं को पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा अपनाने का आह्वान किया।











Leave a Reply