गंगा वाटिका में पीएनजी सेवा शुरू

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। औलेशपुर स्थित “गंगा वाटिका” में पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति शुक्रवार को सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल वाणिज्यिक एवं आतिथ्य सेवा क्षेत्र को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम है।

गेल इंडिया के प्रवीण गौतम ने बताया कि, इस आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में सुचारू रूप से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि, औलेशपुर स्थित “गंगा वाटिका” जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों को सेवा प्रदान करता है, पहले अपनी ऊर्जा आवश्यकता की पूर्ति के लिए प्रति माह लगभग 30 से 35 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। पीएनजी आपूर्ति शुरू होने के बाद अब प्रतिष्ठान को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति प्राप्त हो रही है, जिससे इसकी संचालन क्षमता अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन गई है। वहीं पूर्व में उपयोग किए जा रहे एलपीजी सिलेंडरों को अब अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा सकेगा, जिससे अधिक उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि, पीएनजी के उपयोग से सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार होता है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से आवाह्न करते हुए कहा कि,गेल (इंडिया) लिमिटेड वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। शिवपुर,भेलूपुर तथा आसपास के क्षेत्रों सहित वाराणसी के विभिन्न हिस्सों में इस दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *