रेडक्रॉस सदस्यों ने सामूहिक योगाभ्यास कर मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

वाराणसी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इण्डियन रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा वाराणसी द्वारा रविवार प्रातः रेडक्रॉस कार्यालय, बेनियाबाग में सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

योग, स्वास्थ्य और मानव सेवा के समन्वय को समर्पित इस आयोजन में रेडक्रॉस के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ, जिसमें वरिष्ठ योग प्रशिक्षक डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह ने उपस्थित सदस्यों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का वैज्ञानिक माध्यम है, जो व्यक्ति को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाता है।

इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. संजय राय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन जीने की दिशा प्रदान की है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस का मूल उद्देश्य मानव सेवा है और योग स्वस्थ समाज के निर्माण का सबसे प्रभावी साधन है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए ताकि वह स्वयं स्वस्थ रहकर समाज की बेहतर सेवा कर सके।

डॉ. राय ने योग दिवस कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने वाले सभी रेडक्रॉस सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक क्षमता बढ़ती है, बल्कि मानसिक दृढ़ता एवं सकारात्मक सोच का भी विकास होता है।

कार्यक्रम में विजय शाह, वेद मूर्ति शास्त्री, डॉ. एस.एस. गांगुली, जे.पी. बालानी, बिमल त्रिपाठी, कमल किशोर, डॉ. सुनील मिश्रा, भाल शास्त्री, मृत्युंजय चक्रवर्ती, डॉ. चंद्र प्रकाश सिंह, रुपेश मौर्या, डॉ. अरविंद गांधी, संतोष श्रीवास्तव, रोहित बालानी, श्रीमती गीता सिंह सहित 50 से अधिक रेडक्रॉस सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *