
वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हासिल करते हुए महमूरगंज स्थित “मार्क्स मैन रेस्टोरेंट” में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति आज रविवार को सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी।
यह पहल वाणिज्यिक एवं आतिथ्य सेवा क्षेत्र को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
इस आपूर्ति परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी (उप महाप्रबंधक) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उक्त अवसर पर श्री अंसारी ने बताया कि, महमूरगंज स्थित “मार्क्स मैन रेस्टोरेंट” जो प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्राहकों को सेवा प्रदान करता है, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रति माह लगभग 30 से 35 एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात अब रेस्टोरेंट को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध हो रही है, जिससे उसकी संचालन प्रणाली अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन गई है। इसके साथ ही रेस्टोरेंट में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी सिलेंडर को दूसरे जगह स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे आम जनमानस को गैस सुविधा प्राप्त हो। गेल (इंडिया) लिमिटेड वाणिज्यिक, संस्थागत एवं घरेलू उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। श्री अंसारी ने बताया कि शिवपुर, भेलूपुर तथा आसपास के क्षेत्रों सहित वाराणसी के विभिन्न हिस्सों में इस दिशा में तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा विकल्प उपलब्ध कराए जा सकें। महमूरगंज स्थित “मार्क्स मैन रेस्टोरेंट” में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में अग्रसर करने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो गेल (इंडिया) लिमिटेड की सतत विकास एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।


Leave a Reply