34 मोहल्लों में जमीन की रजिस्ट्री पर लगा रोक

वाराणसी।गांवों और मोहल्लों में जमीन खरीदने वालों के लिए बुरी खबर है। वाराणसी के डीएम ने 19 गांवों और 34 मोहल्लों में जमीन की रजिस्ट्री पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। ऐसी जगहों पर खरीदार अब जमीन की रजिस्ट्री नहीं करा पाएंगे। डीएम वरुणा और गंगा किनारे तीन अलग-अलग एलिवेटेड सड़क और फ्लाईओवर निर्माण को देखते हुए यह आदेश जारी किया है।

डीएम सत्येंद्र कुमार ने इस सम्बंध में आदेश जारी करते हुए सम्बंधित उप निबंधकों को पत्र भेजकर अवगत भी कराया है। जिलाधिकारी के मुताबिक भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने वरुणा किनारे रिंग रोड से राजघाट के बीच करीब 21.153 किमी लम्बा एलिवेटेड सड़क का प्रस्ताव तैयार किया है। इसका उद्देश्य है कि गंगा किनारे खासकर, काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को बिना शहर प्रवेश के गंगा किनारे होते पहुंच सकेंगे। इससे शहर के अंदर अतिरिक्त ट्रैफिक दबाव कम होगा और आवागमन सुगम होगा। सड़क को दो स्थलों- चौकाघाट और पुरानापुल (सरैयां) में शहर से जोड़ा भी जाएगा। यह फोरलेन सड़क होगी, जो नदी के उत्तर और पश्चिम दिशा से गुजरेगी। सड़क राजघाट के पास जीटी रोड से जुड़ेगी। जिसे भविष्य में गंगा में प्रस्तावित सिग्नेचर ब्रिज से भी जोड़ा सकता है।

अन्य परियोजनाएं

वहीं, गंगापार में प्रस्तावित रिवर फ्रंट डेवलपमेंट परियोजना के अंतर्गत डोमरी से रामनगर के बीच छह लेन सड़क की कार्ययोजना बनी है। प्रशासन ने यहां भी सूजाबाद, डोमरी, कोदोपुर, रामनगर और रमना में भी जमीन की बिक्री रोक दी है। गुरुवार को एलिवेटेड सड़क के लिए नगर निगम, जलकल, एनएचएआई और राजस्व विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सर्वे किया। अधिकारियों के मुताबिक रामनगर में सिपहिया घाट और डोमरी के पास एलिवेटेड सड़क से आसपास का इलाका जुड़ेगा।

सड़क के अन्य विकल्प

उधर प्रभुनारायण इंटर कॉलेज रामनगर और एलबीएस अस्पताल के पास पहुंच मार्ग भी प्रस्तावित है। तीसरा एलिवेटेड पुल, सामनेघाट वर्तमान गंगा ब्रिज से विश्वसुंदरी पुल के बीच बनेगा। इसकी लम्बाई करीब 10 किमी है। इसके लिए रमना, डोमरी, सीरगोवर्धनपुर, छित्तूपुर, भगवानपुर, नगवां और नरिया मोहल्ला शामिल है। डीएम ने आदेश दिया है कि बिक्री के साथ ही लैंड यूज परिवर्तन के आवेदनों पर कार्रवाई रोकी जाए।

यहां नहीं होगी जमीन की खरीद-फरोख्त

नगरीय क्षेत्र: हुकुलगंज, शहरखास, पहाड़पुर, भरथरा, पिसौर, दनियालपुर, छितौनी, कोटवां, इंद्रपुर, सिकरौल, बड़ागांव-प्रथम, खजुरी, घौसाबाद, चौकाघाट, जैतपुरा, काजीसादुल्लाहपुर, अलईपुर, मकदुमपुर, भदऊ, कज्जाकपुरा, कैंटोमेंट, जेलखाना, सूजाबाद, किलाकोहना, कोदोपुर, रामनगर, वाजिदपुर रमना, डोमरी, सीरगोवर्धनपुर, छित्तूपुर, भगवानपुर, नगवां और नरिया।

पिंडरा तहसील: महादेवपुर, सरायकाजी, लुच्चेपुर, दुनियापुर,करोमा, धनेसरी, बैजलपट्टी, दासेपुर, कोइराजपुर, शहाबुद्दीनपुर, पश्चिमपुर, कोइरान, अहिरान, अगेनपुर, मंगलपुर, वाजिदपुर, प्रतापपट्टी और मंशापुर शामिल हैं ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *