
वाराणसी।लखनऊ में हुई अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक घटना से समस्त देशवासी स्तब्ध एवं आहत हैं। इस दुःखद घटना में प्रभावित विद्यार्थियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने हेतु चैतन्य योग सेवा संस्थान, वाराणसी की शाखाओं औरंगाबाद एवं भेलूपुर स्थित चैतन्य योग केंद्रों पर शोक सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने घटना में दिवंगत हुए विद्यार्थियों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी उपस्थितजनों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह घटना केवल प्रभावित परिवारों को ही नहीं, बल्कि पूरे देश के माता-पिता को गहरा आघात पहुँचाती है। प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों में भेजता है। ऐसे में इस प्रकार की घटनाएँ समाज को झकझोर देती हैं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंतन की आवश्यकता को रेखांकित करती हैं।
चैतन्य योग सेवा संस्थान परिवार दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।


Leave a Reply