
वाराणसी । गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए ककरमत्ता क्षेत्र स्थित यूनिट–1 के “स्वास्तिक कुंज गर्ल्स हॉस्टल” में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है।
यह पहल संस्थागत एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को हरित ऊर्जा से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त कदम माना जा रहा है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स लीडर नवाज़िश अली अंसारी (उप महाप्रबंधक) के नेतृत्व में किया गया। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, (महाप्रबंधक) के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है।
श्री अंसारी ने बताया कि, “स्वास्तिक कुंज गर्ल्स हॉस्टल” जहां बड़ी संख्या में छात्राएं निवास करती हैं, पूर्व में अपनी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रति माह लगभग (20) एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर था। आपूर्ति शुरू होने के बाद अब हॉस्टल को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस आपूर्ति उपलब्ध हो रही है, जिससे दैनिक संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन गया है। वहीं एलपीजी से पीएनजी में परिवर्तन के पश्चात अब उपयोग में आने वाले ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किए जा सकेंगे, जिससे अतिरिक्त उपभोक्ताओं को कनेक्शन उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी और ऊर्जा संसाधनों का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होगा।
उन्होंने बताया कि, पीएनजी के उपयोग से सिलेंडर भंडारण एवं परिवहन से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान होता है, साथ ही सुरक्षा मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार आता है। इसके अतिरिक्त, यह एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गेल नें वर्तमान में संस्थानों, हॉस्टलों एवं अन्य वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इसके साथ वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में इस दिशा में कार्य तेज़ी से प्रगति पर है। स्वास्तिक कुंज गर्ल्स हॉस्टल में पीएनजी आपूर्ति की शुरुआत वाराणसी को स्वच्छ एवं सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी उपभोक्ताओं से आग्रह करता है कि वे पीएनजी कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं।


Leave a Reply