
वाराणसी। समाजसेवी एवं दंत चिकित्सक डॉ. पीयूष पांडेय ने मंगलवार को भाभा कैंसर अस्पताल में भर्ती एक कैंसर पीड़ित मरीज के लिए स्वैच्छिक रक्तदान के साथ सिंगल डोनर प्लेटलेट्स (एसडीपी) का दान कर मानवता की मिसाल पेश की। इस अवसर पर उन्होंने 55वीं बार स्वैच्छिक रक्तदान किया, जिसमें छठी बार एसडीपी (प्लेटलेट्स) का दान भी शामिल है। डॉ. पीयूष पांडेय चिकित्सा सेवा के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय हैं। वह नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) में सेक्टर वार्डेन तथा भारत विकास परिषद, शिवम् शाखा के सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि रक्त और प्लेटलेट्स का समय पर उपलब्ध होना गंभीर मरीजों के उपचार के लिए अत्यंत आवश्यक होता है। स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। डॉ. पीयूष के इस सराहनीय कार्य की नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिवीजनल वार्डेन संजय कुमार राय तथा डिप्टी डिवीजनल वार्डेन अरविंद विश्वकर्मा ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदान और एसडीपी दान कई गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होता है। दोनों अधिकारियों ने लोगों से रक्तदान के प्रति जागरूक होकर समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने और मानव सेवा के इस पुनीत अभियान से जुड़ने की अपील की।











Leave a Reply