जवनका मंगल’ वार्षिक स्मारिका का विमोचन

वाराणसी। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था लोक चेतना द्वारा प्रकाशित ‘जवनका मंगल’ वार्षिक स्मारिका का विमोचन शिवपुर स्थित पुष्पराज सिनेमा रोड पर संस्था के कार्यालय में आयोजित समारोह में किया गया। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष के.के. उपाध्याय ने स्मारिका का लोकार्पण करते हुए इसे काशी की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों के बीच स्मारिका की प्रतियां भी वितरित कीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केके उपाध्याय ने बताया कि लोक चेतना पिछले दो दशकों से होली पर्व के उपरांत आदि नदी वरुणा के लालबहादुर शास्त्री घाट पर प्रतिवर्ष ‘जवनका मंगल’ सांस्कृतिक वरुणा महोत्सव का सफल आयोजन करती आ रही है। इसी आयोजन की परंपरा और उसके सांस्कृतिक महत्व को संरक्षित करने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष स्मारिका का प्रकाशन किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की स्मारिका में काशी के प्रतिष्ठित विद्वानों, साहित्यकारों और चिंतकों के लेख, शोधपरक आलेख, सांस्कृतिक विरासत तथा लोक परंपराओं से जुड़ी रचनाओं को स्थान दिया गया है। यह प्रकाशन न केवल काशी की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का दस्तावेज है, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं, साहित्य और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। संस्था प्रमुख ने कहा कि नगर के पत्रकारों और साहित्यकारों की रचनाएं समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाने का कार्य करती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह स्मारिका सांस्कृतिक प्रेमियों, शोधार्थियों और साहित्य के पाठकों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी तथा काशी की लोक परंपराओं के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस अवसर पर नंदलाल केसरी, राजन तिवारी, संतोष सिंह, गौरव केसरी, शैलेश श्रीवास्तव, निशांत बरनवाल आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *