चेतावनी पर जागा प्रशासन, वार्ता के लिए परिवहन आयुक्त ने बुलाया लखनऊ

खबर का असर : आरटीओ और एआरटीओ प्रवर्तन ने ड्राइवरों के बीच पहुंचकर दिया आश्वासन

 

रिपोर्ट :-उपेंद्र कुमार पांडेय 

 

आजमगढ़। वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के आह्वान पर रिक्शा स्टैंड पर रविवार को शुरू अनिश्चितकालीन धरने के चौथे दिन आखिरकार प्रशासन जाग उठा। अनशन और भिक्षाटन की घोषणा की जानकारी पर शुक्रवार को संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन सुनील दत्त व एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने धरना स्थल पर पहुंचकर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव से वार्ता की। पूरी बात सुनने के बाद परिवहन आयुक्त को अवगत कराया। आरटीओ ने बताया कि ऊपर से कहा गया है कि समय लेकर चार दिन बाद मंगलवार को चालक लखनऊ आ जाएं, जहां उनकी समस्याओं पर चर्चा होगी और विभाग के स्तर पर होने वाली समस्याओं का समाधान किया जाएगा। तीन दिनों तक किसी के न पहुंचने के सवाल पर आरटीओ ने सफाई दी कि आज ही उन्हें आंदोलन की जानकारी मिली है। किसी दबाव के कारण यहां वार्ता करने नहीं आए हैं। संगठन के अध्यक्ष से वार्ता हुई है और उन्होंने शाम तक धरना समाप्त करने को कहा है।

इस संबंध में वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत के अध्यक्ष सुरेश यादव ने कहा कि हम अधिकारियों के आश्वासन से सहमत हैं और शाम तक धरना समाप्त कर देंगे। साथ ही जोड़ा कि हम धरना खत्म नहीं, बल्कि स्थगित कर रहे हैं। मंगलवार को लखनऊ में परिवहन आयुक्त से वार्ता के बाद आंदोलन की अगली रणनीति की घोषणा की जाएगी। यादव ने कहा कि हमारी 10 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय चालक आयोग, ड्राइवर सुरक्षा बोर्ड, चालक कल्याण बोर्ड की स्थापना प्रमुख हैं। साथ ही हमारी मांग है कि सरकार एक स्वतंत्र ऐसे विभाग की स्थापना करे जो हमारी समस्या को शासन तक पहुंचाए और समाधान के लिए मध्यस्थता करे। कहा कि मंगलवार को हमें लखनऊ बुलाया गया है। वहां वार्ता के बाद अगली रणनीति की जानकारी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *