गेल (इंडिया) ने संकट मोचन मंदिर (यूनिट 2 -) में पीएनजी सेवा प्रारंभ

वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने “संकट मोचन मंदिर” (यूनिट -2) पर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी है। यह पहल वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को हरित एवं आधुनिक ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम है। इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

श्री अंसारी ने बताया कि,विश्व प्रसिद्ध “संकट मोचन मंदिर” परिसर (यूनिट-2) में पूर्व में ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया जाता था।

आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात अब परिसर को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे भोजन निर्माण एवं अन्य ऊर्जा-आधारित गतिविधियों का संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष तथा विश्वसनीय बन गया है। वही पीएनजी से जुड़ने के बाद अब प्रतिमाह उपयोग किए जाने वाले लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो गई है। इससे ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे एलपीजी संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक वितरण को बढ़ावा मिलेगा। “संकट मोचन मंदिर” परिसर (यूनिट-2) में पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ वाराणसी को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा आधारित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल गेल (इंडिया) लिमिटेड की ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि,पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन तथा नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी वाणिज्यिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं से आह्वान करता है कि वे पीएनजी कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं तथा स्वच्छ ऊर्जा अभियान में अपना सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *