सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया का शुभारम्भ, 6 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन

 

वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी ने शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए विश्वविद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारम्भ करने की अधिसूचना जारी कर दी है। छात्रकल्याण संकायाध्यक्ष प्रो. शैलेश कुमार मिश्र द्वारा जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी निर्धारित अवधि में समर्थ (Samarth) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

जारी सूचना के अनुसार विश्वविद्यालय में आचार्य प्रथम सेमेस्टर, विदेशी भाषा डिप्लोमा प्रथम वर्ष, स्नातकोत्तर भाषा विज्ञान प्रमाण-पत्रीय, संस्कृत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष तथा संगीत प्रमाण-पत्रीय प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। विदेशी भाषा डिप्लोमा के अंतर्गत रूसी, फ्रेंच, जर्मन, तिब्बती, स्पेनिश, नेपाली एवं अंग्रेजी भाषाओं का अध्ययन कराया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रवेश निर्देशिका का भली-भाँति अध्ययन कर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से किया जाएगा। प्रवेश पंजीकरण शुल्क ₹200 प्रति अभ्यर्थी निर्धारित किया गया है।

अधिसूचना के अनुसार आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन 6 जुलाई 2026 से 6 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। वहीं विदेशी भाषा डिप्लोमा, संस्कृत, भाषा विज्ञान तथा संगीत प्रमाण-पत्रीय पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन 6 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे।

विश्वविद्यालय ने बताया कि आचार्य प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश मेरिट सूची (वरीयता क्रम) के आधार पर किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की प्रति डाउनलोड कर सुरक्षित रखने तथा काउंसिलिंग के समय आवश्यक अभिलेखों एवं अभिभावक/संरक्षक के हस्ताक्षर सहित उपस्थित होना अनिवार्य होगा। काउंसिलिंग की तिथि पृथक सूचना द्वारा घोषित की जाएगी। साथ ही प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए एंटी रैगिंग शपथ-पत्र भरना अनिवार्य रहेगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समयावधि के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है। प्रवेश प्रक्रिया के सुचारु संचालन हेतु संबंधित विभागों, संकायाध्यक्षों, परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी तथा समन्वयक केंद्र को आवश्यक निर्देश भी जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *