निर्माण कार्यों में लापरवाही पर कुलपति का सख्त प्रहार

गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई,20 जुलाई तक हर हाल में पूरे होंगे सभी निर्माण कार्य, गुणवत्ता से समझौता नहीं

 

वाराणसी।सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी परिसर में संचालित निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों की धीमी प्रगति तथा गुणवत्ता संबंधी कमियों पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्यदायी संस्था एवं संबंधित अधिकारियों को अंतिम चेतावनी जारी कर दी है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को यहां परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का आकस्मिक निरीक्षण किया और स्पष्ट शब्दों में कहा कि समय-सीमा, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान सीएनडीएस (Construction & Design Services) द्वारा कराए जा रहे लाल भवन एवं पाणिनी भवन के नवीनीकरण कार्यों का गहन अवलोकन किया गया। कुलपति ने कार्यों की धीमी गति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ 20 जुलाई 2026 तक हर हाल में पूर्ण किए जाएँ।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की अधोसंरचना का विकास संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे में निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक विलंब अथवा मानकहीन कार्य किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अगली समीक्षा तक अपेक्षित प्रगति नहीं मिली तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कुलपति प्रो शर्मा ने कार्यदायी संस्था के ठेकेदार अनमोल तिवारी एवं संबंधित सहायक अभियंता को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे अतिरिक्त संसाधनों के साथ कार्यों में तेजी लाते हुए गुणवत्ता का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन स्वयं नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करेगा ताकि सभी परियोजनाएँ निर्धारित समय पर पूर्ण होकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के उपयोग हेतु उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के दौरान कुलपति ने परिसर में संचालित अन्य निर्माण एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा सभी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने पर बल दिया।

इस अवसर पर कुलसचिव राकेश कुमार, चीफ प्रॉक्टर प्रो. जितेन्द्र कुमार, अभियंता रामविजय सिंह सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *