गेल इंडिया लिमिटेड का पीएनजी कदम अब बाबा इन्टरप्राइजेज में

वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने पांडेयपुर स्थित बाबा एंटरप्राइजेज में पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को हरित, सुरक्षित एवं आधुनिक ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

पांडेयपुर स्थित बाबा एंटरप्राइजेज में पूर्व में ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु प्रतिमाह लगभग 80 एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग किया जाता था। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के पश्चात अब प्रतिष्ठान को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध हो रही है, जिससे रसोई संचालन एवं अन्य ऊर्जा-आधारित गतिविधियाँ अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष तथा विश्वसनीय बन गई हैं।

पीएनजी से जुड़ने के बाद अब प्रतिमाह उपयोग किए जाने वाले लगभग 80 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो गई है। परिणामस्वरूप, ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे एलपीजी संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक वितरण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे अन्य उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं बेहतर एलपीजी उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी सहायता मिलेगी।

पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन तथा नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित एवं सुविधा जनक ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। इसके अतिरिक्त, प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, धार्मिक संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।

पांडेयपुर स्थित बाबा एंटरप्राइजेज में पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ वाराणसी को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा आधारित शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल गेल (इंडिया) लिमिटेड की ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित करती है।

अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी वाणिज्यिक एवं घरेलू उपभोक्ताओं से आह्वान करता है कि वे पीएनजी कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं तथा स्वच्छ ऊर्जा अभियान में अपना सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *