
वाराणसी। पेइंग गेस्ट हाउस एवं होमस्टे (ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट) संचालकों को संचालन संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में मिली।
महत्वपूर्ण राहत के बाद समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव से शिष्टाचार भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि विगत दिनों पेइंग गेस्ट हाउस एवं होमस्टे संचालकों को विभिन्न प्रशासनिक एवं संचालन संबंधी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इन समस्याओं को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मुलाकात कर उन्हें विस्तार से अवगत कराया था। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित करने का भरोसा दिलाया था और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया था।
समिति के अनुसार विधायक के सतत प्रयासों और संबंधित अधिकारियों के साथ प्रभावी संवाद के परिणामस्वरूप संचालकों को महत्वपूर्ण राहत प्राप्त हुई है। इससे पेइंग गेस्ट हाउस एवं होमस्टे संचालकों में उत्साह का वातावरण है तथा उनके व्यवसाय के सुचारु संचालन का मार्ग और अधिक सुगम हुआ है।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सरकार एवं पेइंग गेस्ट हाउस तथा होमस्टे संचालकों के बीच एक सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से उठाया और समाधान की दिशा में सार्थक प्रयास किए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में विधायक की संवेदनशीलता और तत्परता से समिति के सदस्यों का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने समिति के सदस्यों का आभार स्वीकार करते हुए कहा कि पर्यटन नगरी वाराणसी में पेइंग गेस्ट हाउस एवं होमस्टे व्यवस्था पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि संचालकों की न्यायोचित समस्याओं के समाधान के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग एवं आवश्यक पहल जारी रहेगी।
इस अवसर पर रवि जायसवाल, राम गोपाल वर्मा, गोपाल यादव, वाचस्पति त्रिपाठी, आशुतोष गुप्ता, इक़बाल अहमद, आशीष यादव, डीपी त्रिपाठी, राजू अग्रवाल, आशुतोष मिश्रा समिति के पदाधिकारी, पेइंग गेस्ट हाउस एवं होमस्टे संचालक तथा अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।












Leave a Reply