जनसंवाद से विकास को नई गति दे रहा ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ अभियान

वाराणसी। जनप्रतिनिधि और जनता के बीच निरंतर संवाद को सुशासन की सबसे सशक्त कड़ी मानते हुए वाराणसी कैण्ट विधानसभा के विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सोमवार को अपने नियमित जनसंपर्क अभियान ‘आपका विधायक–आपके द्वार’ के अंतर्गत जीवधिपुर क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर सैकड़ों परिवारों से मुलाकात की, उनका कुशलक्षेम जाना तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। विधायक का यह अभियान केवल समस्याओं को सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और जनअपेक्षाओं के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में परिवारों तक पहुँचकर वह बिना किसी मध्यस्थ के लोगों की बात सुनते हैं, जिससे समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान की दिशा में कार्य करना और अधिक सहज हो जाता है।

जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने सड़क, पेयजल, जलनिकासी, स्वच्छता, विद्युत व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े सुझाव विधायक के समक्ष रखे। विधायक ने सभी विषयों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर संवेदनशीलता और समयबद्ध कार्रवाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर विधायक ने केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी नागरिकों को दी तथा पात्र परिवारों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने का आह्वान किया। विधायक ने कहा, “जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी पूंजी है। जब हम स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएँ, अपेक्षाएँ और सुझाव सुनते हैं, तभी विकास योजनाएँ वास्तविक आवश्यकताओं के अनुरूप बन पाती हैं। मेरा प्रयास है कि कैण्ट विधानसभा का प्रत्येक नागरिक यह महसूस करे कि उसका विधायक हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ा है। सेवा, संवेदनशीलता और सतत संवाद के माध्यम से हम एक सशक्त, सुविधासंपन्न और आत्मविश्वासी विधानसभा के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।”

इस अवसर पर संत रविदास मंडल अध्यक्ष जितेन्द्र पटेल, जोल्हा दक्षिणी वार्ड के पार्षद प्रत्याशी राजकुमार प्रजापति, अंकित चतुर्वेदी, कुलदीप गोंड, संजय विश्वकर्मा, महेश मोदनवाल आदि लोग उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *