गेल (इंडिया) लिमिटेड ने पीएनजी की शुरुआत आरजे रॉयल होटल में किया

वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वाराणसी के हरहुआ क्षेत्र स्थित आरजे रॉयल होटल में पाइप्ड नेचुरल गैस पीएनजी की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को हरित, आधुनिक एवं निरंतर ऊर्जा आपूर्ति प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

हरहुआ स्थित आरजे रॉयल होटल, जिसका वाणिज्यिक संचालन जुलाई माह में प्रारंभ होने जा रहा है, क्षेत्र के प्रमुख आतिथ्य प्रतिष्ठानों में से एक बनने की ओर अग्रसर है। होटल की अनुमानित ऊर्जा आवश्यकता के अनुसार इसके संचालन हेतु प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होने की संभावना है। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही होटल को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे रसोई एवं अन्य गैस-आधारित सेवाओं का संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेगा।

एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से प्रतिमाह अनुमानित 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे एलपीजी की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलेगी तथा अधिक उपभोक्ताओं तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सकेगी। साथ ही, ऊर्जा संसाधनों का अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक उपयोग भी संभव होगा।

पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग एवं नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। इसके अतिरिक्त, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, होटल उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।

हरहुआ स्थित आरजे रॉयल होटल में पीएनजी आपूर्ति का शुभारंभ वाराणसी में स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह पहल गेल (इंडिया) लिमिटेड की ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता को और सशक्त बनाती है।

अंत में, गेल (इंडिया) लिमिटेड सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, होटल संचालकों एवं अन्य उपभोक्ताओं से आह्वान करता है कि वे पीएनजी कनेक्शन अपनाकर आधुनिक, सुरक्षित, किफायती एवं सुविधाजनक ऊर्जा प्रणाली का लाभ उठाएं तथा स्वच्छ ऊर्जा अभियान में अपना सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *