रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन में करियर की अपार संभावनाएं, यूपी कॉलेज में बिना प्रवेश परीक्षा दाखिला

वाराणसी। राष्ट्रीय सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, आतंकवाद, रक्षा नीति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बढ़ते महत्व के बीच रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन (सैन्य विज्ञान) विषय युवाओं के लिए रोजगार और उच्च शिक्षा का बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है। उदय प्रताप कॉलेज (स्वायत्तशासी), वाराणसी का रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, रणनीतिक सोच और निर्णय लेने की दक्षता विकसित करने का अवसर प्रदान कर रहा है।

विभागाध्यक्ष डा. अग्नि प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस विषय के विद्यार्थी भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना, अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस सेवाओं, आपदा प्रबंधन, राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा विश्लेषण, यूपीएससी एवं राज्य लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं के साथ ही शिक्षण, शोध, यूजीसी-नेट, जेआरएफ और पीएचडी जैसे क्षेत्रों में भी अपना भविष्य बना सकते हैं। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध महाविद्यालयों में वर्तमान में केवल उदय प्रताप कॉलेज में ही रक्षा एवं स्त्रातजिक अध्ययन विषय में स्नातकोत्तर (एमए) की पढ़ाई संचालित हो रही है। पिछले शैक्षणिक सत्र से शुरू हुए इस पाठ्यक्रम को विद्यार्थियों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए एमए में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। पाठ्यक्रम की विशेषता यह है कि इसमें प्रवेश के लिए किसी प्रकार की प्रवेश परीक्षा नहीं होती। विश्वविद्यालय की निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को सीधे प्रवेश दिया जाता है। विभाग ने राष्ट्रीय सुरक्षा एवं सामरिक विषयों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *