शिक्षा का अलख जगाने को निकली ‘रन फॉर एजुकेशन’ रैली

वाराणसी। शिक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शिवपुर स्थित राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज की ओर से शनिवार को “रन फॉर एजुकेशन” रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ डॉ. (मेजर) अरविंद कुमार सिंह, प्रधानाचार्या सुमन सिंह एवं प्रबंधक विनोद कुमार बागी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में छात्र-छात्राओं ने बैंड-बाजे, तख्तियां और बैनरों के साथ “पढ़ेगा इंडिया तभी बढ़ेगा इंडिया” तथा “बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ” जैसे नारे लगाते हुए लोगों को शिक्षा के महत्व का संदेश दिया। रैली विद्यालय से निकलकर नॉर्मल स्कूल, गिलट बाजार, पुरानी चुंगी, वीडीए कॉलोनी, शिवपुर थाना और पांचों पांडव क्षेत्र से होते हुए वापस विद्यालय पहुंची। प्रधानाचार्या सुमन सिंह ने कहा कि शिक्षा से चरित्र निर्माण और चरित्र से राष्ट्र निर्माण होता है। उन्होंने सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं समान शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। रैली का स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत किया, जबकि शिवपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इस दौरान विद्यालय एवं मां गायत्री शिक्षण संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *