
वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कैंट क्षेत्र के समीप आंध्रापुल स्थित होटल रीजेंसी में पाइप्ड नेचुरल गैस की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल होटल एवं आतिथ्य क्षेत्र को हरित, आधुनिक तथा निर्बाध ऊर्जा आपूर्ति प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
आंध्रापुल स्थित होटल रीजेंसी वाराणसी के प्रमुख आतिथ्य प्रतिष्ठानों में से एक है। होटल की ऊर्जा आवश्यकताओं के अनुसार इसके विभिन्न संचालन कार्यों, विशेषकर रसोई एवं खाद्य सेवा गतिविधियों हेतु प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होती है। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही होटल को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे रसोई संचालन अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेगा।
एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से प्रतिमाह अनुमानित 35 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। यह कदम ऊर्जा संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक उपयोग को भी सुनिश्चित करेगा।
पीएनजी के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग एवं नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। इसके अतिरिक्त, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में होटल उद्योग, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने हेतु निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।











Leave a Reply