श्याम गंगा डेयरी में पीएनजी सेवा शुरू

वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। समनेघाट क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित नमामि गंगा डेयरी में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। यह पहल स्थानीय व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को हरित, आधुनिक एवं निर्बाध ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।

समनेघाट स्थित नमामि गंगा डेयरी क्षेत्र की एक प्रमुख डेयरी इकाई है, जो विभिन्न प्रकार के दुग्ध उत्पादों के निर्माण एवं विक्रय के लिए जानी जाती है। डेयरी की उत्पादन एवं प्रसंस्करण संबंधी ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होती है। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही डेयरी को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे उत्पादन प्रक्रियाएं अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेंगी।

एलपीजी के स्थान पर PNG के उपयोग से प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। यह पहल ऊर्जा संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक उपयोग को भी सुनिश्चित करेगी।

PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग तथा नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। इसके अतिरिक्त, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में होटल उद्योग, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को PNG नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *