आजमगढ़ के लाल आनंद सिंह ने चीन में लहराया तिरंगा, एशियन अंडर-23 भाला फेंक में जीता स्वर्ण पदक

रिपोर्ट उपेंद्र कुमार पांडेय 

 

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के होनहार एथलीट आनंद सिंह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का मान बढ़ाया है। चीन के ओरडोस में 9 से 12 जुलाई तक आयोजित ‘एशियन अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में आनंद ने भाला फेंक स्पर्धा में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता है। इसके साथ ही वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले आजमगढ़ के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

बुढ़नपुर क्षेत्र के टहर किशुनदेवपुर निवासी अमरजीत सिंह के 22 वर्षीय पुत्र आनंद सिंह ने प्रतियोगिता में 80.57 मीटर का शानदार थ्रो कर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह पहला मौका है जब आनंद ने 80 मीटर के आंकड़े को पार किया है।

आनंद सिंह ने इस चैंपियनशिप में 77.68 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ प्रवेश किया था, जो उन्होंने बीते 28 जून को भुवनेश्वर में आयोजित ‘नेशनल इंटर-स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप’ में बनाया था, जहां वे चौथे स्थान पर रहे थे। इससे पहले, साल की शुरुआत में पटियाला में आयोजित ‘इंडियन ओपन थ्रो प्रतियोगिता’ में भी उन्होंने 76.94 मीटर थ्रो कर दूसरा स्थान हासिल किया था।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा चयनित 54 सदस्यीय भारतीय ट्रैक एंड फील्ड टीम का हिस्सा बनकर चीन पहुंचे आनंद ने गोल्ड मेडल जीतकर पूरे देश और आजमगढ़ का नाम रोशन किया है। आनंद की इस ऐतिहासिक सफलता से उनके परिजनों, मित्रों, ग्रामीणों और पूरे खेल जगत में खुशी की लहर है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *