पर्यावरण संरक्षण व शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए मीरा फाउंडेशन सम्मानित

 

वाराणसी। वृक्षारोपण महायज्ञ के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा और वंचित बच्चों को निःशुल्क शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मीरा फाउंडेशन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। संस्था की ओर से दीपशिखा ने सम्मान ग्रहण किया। सम्मान के बाद मीरा फाउंडेशन की टीम ने राजभर बस्ती में सहजन भंडारे का आयोजन किया। मुख्य अतिथि सोनी चकवाल ने सहजन, जामुन, नीम, गुलमोहर और सागौन के पौधों का वितरण करने के साथ पौधारोपण भी कराया। इसके बाद दसनीपुर और अमरोलिया गांव में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए तथा बच्चों, महिलाओं और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान बच्चों और उनकी माताओं को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया। बच्चों ने भी पौधों की सुरक्षा का संकल्प लिया। मीरा फाउंडेशन ने वन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संस्था के लिए नई प्रेरणा है और वह भविष्य में भी शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम में विजय टाटा, साहिंदा, विपिन सिंह, अजय, अंकुर, आर्यन, अंशिका, अर्पिता सहित अनेक स्वयंसेवक और बच्चे मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *