
वाराणसी। गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोईराजपुर स्थित “संत अतुलानंद गर्ल्स हॉस्टल” में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी गई है। गेल इंडिया ने बताया कि,कोईराजपुर स्थित संत अतुलानंद गर्ल्स हॉस्टल क्षेत्र का एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक आवासीय संस्थान है, जहां बड़ी संख्या में छात्राएं निवास करती हैं। हॉस्टल की रसोई एवं अन्य दैनिक संचालन संबंधी ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों के समतुल्य गैस की खपत होती है। पीएनजी आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही हॉस्टल को निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे भोजन निर्माण एवं अन्य आवश्यक सेवाएं अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष और विश्वसनीय बन सकेंगी।
एलपीजी के स्थान पर पीएनजी के उपयोग से प्रतिमाह लगभग 30 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी की सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन सुशील कुमार, (महाप्रबंधक) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है। यह पहल ऊर्जा संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक उपयोग को सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज के व्यापक हित में भी योगदान देगी। गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में होटल उद्योग, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं और भविष्य में भी ऐसे अनेक उपभोक्ताओं को पीएनजी नेटवर्क से जोड़ने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।












Leave a Reply