मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्ताव के संबंध में बैठक संपन्न

 

वाराणसी। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्ताव के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ई०आर०ओ) के साथ बैठक हुई। जिसमें प्रतिनिधियों के आपत्तियां एवं सुझाव लिए गए तथा ई०आर०ओ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एसडीएम/ईआरओ अपने विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन करें और यह सुनिश्चित कराएं कि सभी मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो। साथ ही राजनीतिक दलों और आम जनता से प्राप्त होने वाले सुझावों व आपत्तियों का नियमानुसार बारीकी से परीक्षण करने के बाद ही मतदेय स्थल सूची को अंतिम रूप दें।

उन्होंने सभी ईआरओ से कहा कि अब तक प्राप्त सुझावों और शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण कराना सुनिश्चित करायें। उन्होंने कहा कि मतदेय स्थलों के संबंध में यदि किसी मान्यता प्राप्त राजननीतिक दल के पास कोई सुझाव व आपत्तियों अथवा प्रस्ताव हो तो जिला निर्वाचन कार्यालय में लिखित रूप से उपलब्ध करा दें, ताकि संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप के द्वारा दिए गए शिकायतों और सुझावों आयोग की गाइड लाइंस के अनुसार गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के बाद 18 जुलाई को मतदेय स्थलों की सूची तैयार कर अंतिम रूप दिया जाएगा।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, ई०आर०ओ० सहित जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *