छात्रवृत्ति पाने वाली मुस्कान सम्मानित

वाराणसी। किसान परिवार की मेधावी छात्रा मुस्कान वर्मा को बंगलौर स्थित अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय से उच्च शिक्षा के लिए 21 लाख रुपये की छात्रवृत्ति मिलने पर नवलपुर चौराहा स्थित हनुमान मंदिर के पास स्थानीय नागरिकों ने सम्मानित किया। मुख्य अतिथि किसान मंच अपना दल कसेरा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान तथा विशिष्ट अतिथि विकास इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ए.के. सिंह,उमेश मौर्या ने मुस्कान को स्मृति चिह्न और माल्यार्पण कर सम्मानित किया। साथ ही उसके माता-पिता प्रिया देवी और विनोद पटेल का भी अभिनंदन किया गया। राजेश प्रधान ने कहा कि किसान परिवार की बेटियां अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। मुस्कान ने पूरे क्षेत्र के साथ काशी का नाम भी रोशन किया है। डॉ. ए.के. सिंह ने छात्रा के मार्गदर्शक नंदलाल पटेल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने निशुल्क पुस्तकालय की सुविधा उपलब्ध कराकर और छात्रवृत्ति की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। अजीम प्रेमजी विश्वविद्यालय में प्रवेश परीक्षा और ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद प्रवेश मिलता है। मुस्कान को पढ़ाई के दौरान छात्रवृत्ति के साथ रहने और भोजन की निःशुल्क सुविधा भी मिलेगी। संचालन राम नरेश सिंह और धन्यवाद ज्ञापन नंदलाल पटेल ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *