
वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव की 1954 में निर्मित स्वर्ण-रजत प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा 16 जुलाई को सुबह सात बजे चौखम्भा स्थित काठ की हवेली से निकाली जाएगी। इसकी जानकारी स्वर्णकार क्षत्रिय कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम सेठ ‘बच्चा’ ने पराड़कर स्मृति भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि शोभायात्रा के अग्रभाग में पुलिस घुड़सवार दल, ढोल-ताशा, कमेटी का बैनर तथा संस्थापक स्व. किशुन सेठ और स्व. भीखू सिंह की पुष्प सज्जित तस्वीरें रहेंगी। मां वैष्णो देवी, गोविंदेश्वर महादेव, शंकर-पार्वती, राधा-कृष्ण, काली और हनुमान की आकर्षक झांकियां तथा डमरू दल विशेष आकर्षण होंगे। अंत में फूलों से सजे रथ पर बाबा काल भैरव की स्वर्ण-रजत प्रतिमा विराजमान रहेगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु पुष्पवर्षा, आरती और प्रसाद वितरण करेंगे।
महामंत्री राजू वर्मा ने बताया कि शोभायात्रा चौखम्भा से बीबी हटिया, विशेश्वरगंज, महामृत्युंजय, दारानगर, मैदागिन, चौक, ठठेरी बाजार और भुतही इमली होते हुए काल भैरव मंदिर पहुंचेगी, जहां प्रतिमा की पुनः प्रतिष्ठा और भव्य श्रृंगार होगा। शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा ने बताया कि सुरक्षा और संचालन के लिए विशेष टीम गठित की गई है। नागरिक सुरक्षा कोतवाली प्रखंड के पोस्ट वार्डेन धर्मेंद्र गौतम अपने दल के साथ सहयोग करेंगे। कमेटी ने श्रद्धालुओं एवं स्वर्ण व्यवसायियों से शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर अध्यक्ष घनश्याम सेठ “बच्चा”, महामंत्री राजू वर्मा (बिछिया वाले), कोषाध्यक्ष विक्रम सिंह, शोभायात्रा मंत्री जनार्दन वर्मा “प्रधान”, संरक्षक द्वय कृष्ण कुमार सेठ “बच्चू जी” एवं श्याम सुन्दर सिंह, स्मारिका सम्पादक व सलाहकार रविशंकर सिंह, सलाहकार डाॅ कैलाश सिंह विकास, सलाहकार किशोर कुमार सेठ,सलाहकार कमल कुमार सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुज गौतम “बंटी”, उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह व सूचना मंत्री संदीप सेठ थे।











Leave a Reply