वाराणसी।गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित एवं किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए होलापुर स्थित प्रतिष्ठित संत अटुलानंद विद्यालय की कैंटीन में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति सफलतापूर्वक प्रारंभ कर दी है। यह पहल वाराणसी के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को आधुनिक, हरित एवं निर्बाध ऊर्जा प्रणाली से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस परियोजना का सफल क्रियान्वयन गेल की प्रोजेक्ट्स टीम द्वारा किया गया, जिसका नेतृत्व श्री नवाज़िश अली अंसारी, उप महाप्रबंधक (डीजीएम–प्रोजेक्ट्स) कर रहे हैं। वहीं, वाराणसी सीजीडी परियोजना का समग्र संचालन श्री सुशील कुमार, महाप्रबंधक (जीएम) के कुशल मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से किया जा रहा है।
संत अटुलानंद विद्यालय वाराणसी के प्रतिष्ठित एवं अग्रणी शैक्षणिक संस्थानों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। विद्यालय की कैंटीन में खाद्य निर्माण एवं रसोई संचालन हेतु ऊर्जा की उल्लेखनीय आवश्यकता होती है। पूर्व में यहां प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की खपत होती थी। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही कैंटीन को अब निरंतर, सुरक्षित एवं निर्बाध गैस उपलब्ध होगी, जिससे भोजन निर्माण की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित, दक्ष एवं विश्वसनीय बन सकेगी।
एलपीजी के स्थान पर PNG के उपयोग से प्रतिमाह लगभग 35 एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। परिणामस्वरूप ये सिलेंडर अन्य क्षेत्रों एवं उपभोक्ताओं की आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु उपलब्ध कराए जा सकेंगे, जिससे अधिक लोगों को एलपीजी सुविधा का लाभ प्राप्त होगा। यह पहल ऊर्जा संसाधनों के अधिक प्रभावी, संतुलित एवं व्यापक उपयोग को भी सुनिश्चित करेगी।
PNG के उपयोग से सिलेंडरों के भंडारण, परिवहन, रीफिलिंग तथा नियमित प्रतिस्थापन से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों का प्रभावी समाधान होता है। साथ ही, यह प्रणाली उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने के कारण उपभोक्ताओं को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं भरोसेमंद ऊर्जा विकल्प प्रदान करती है। प्राकृतिक गैस एक पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है, जो कार्बन उत्सर्जन में कमी लाने तथा स्वच्छ एवं सतत पर्यावरण को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
वाराणसी के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में से एक संत अटुलानंद विद्यालय को PNG नेटवर्क से जोड़ना गेल (इंडिया) लिमिटेड, वाराणसी सीजीडी परियोजना की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह कदम न केवल संस्थान की ऊर्जा आवश्यकताओं को आधुनिक एवं कुशल ढंग से पूरा करेगा, बल्कि अन्य शैक्षणिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को भी स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।
गेल (इंडिया) लिमिटेड वर्तमान में वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में होटल उद्योग, डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, शैक्षणिक संस्थानों, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों तथा अन्य उपभोक्ताओं को PNG नेटवर्क से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित, भरोसेमंद एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा का लाभ मिल सके। इस दिशा में कंपनी के कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं।











Leave a Reply