शॉर्ट सर्किट से घर में भीषण आग, बेटी की शादी का सामान जलकर राख, लाखों का नुकसान

 

वाराणसी। अशोक विहार कॉलोनी फेस-1 में मंगलवार को मकान संख्या I-308 निवासी राज किशोर सिंह के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। स्थानीय लोगों के साथ भाजपा युवा मोर्चा सारनाथ मंडल अध्यक्ष राम किशोर त्रिपाठी ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी तथा राहत एवं बचाव कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।

घटना के दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष अजीत सिंह, शुभम श्रीवास्तव, शुभम सिंह, देव सिंह सहित क्षेत्र के सैकड़ों महिला-पुरुष आग बुझाने में जुटे रहे। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि उस पर तत्काल काबू पाना संभव नहीं हो सका।

बताया गया कि जिस घर में आग लगी, वहां परिवार की बेटी का विवाह निकट था। शादी के लिए खरीदा गया लगभग पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक और मानसिक आघात पहुंचा है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद फायर ब्रिगेड लगभग दो घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और नुकसान काफी बढ़ गया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा फायर ब्रिगेड की देरी की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *